कलेक्टर मृणाल मीना ने सुनीं समस्याएं, 55 हितग्राही हुए लाभान्वित

कलेक्टर ने हाई स्कूल, आंगनबाड़ी केंद्र एवं स्वास्थ्य केंद्र का किया निरीक्षण

खास बातें

  • शिविर में प्री-कैंप सहित नगर परिषद अंतर्गत कुल 242 आवेदन प्राप्त हुए।
  • मौके पर 55 हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित किया गया।
  • इनमें 4 हितग्राहियों को प्राकृतिक आपदा के तहत 4-4 लाख रुपए की आर्थिक सहायता के स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए।

स्कूलों में मीनू के आधार पर ही बच्चों के लिए भोजन बनाने के निर्देश दिए

मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान अंतर्गत शनिवार को गढ़ीमलहरा के महात्मा गांधी विद्यालय में कलेक्टर मृणाल मीना की अध्यक्षता में जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित किया गया। शिविर में नगर परिषद अध्यक्ष नीता अहिरवार, एसपी रजत सकलेचा, जिला पंचायत सीईओ नमः शिवाय अरजरिया, एसडीएम जी.एस. पटेल सहित जिला अधिकारी उपस्थित रहे।

कलेक्टर ने शिविर में प्राप्त शिकायती आवेदनों पर सुनवाई करते हुए संबंधित अधिकारियों को समय-सीमा में निराकरण के निर्देश दिए। शिविर में प्री-कैंप सहित नगर परिषद अंतर्गत कुल 242 आवेदन प्राप्त हुए। मौके पर 55 हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित किया गया। इनमें 4 हितग्राहियों को प्राकृतिक आपदा के तहत 4-4 लाख रुपए की आर्थिक सहायता के स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए। वहीं नामांतरण एवं बंटवारा के 35 प्रकरणों का निराकरण कर आदेश सौंपे गए। शेष हितग्राहियों को नगर परिषद की विभिन्न योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया।

कमजोर विद्यार्थियों के लिए लगाई जाएं अतिरिक्त कक्षाएं

शिविर से पूर्व कलेक्टर मृणाल मीना ने शासकीय हाई स्कूल का निरीक्षण किया। उन्होंने कक्षा तीसरी के विद्यार्थियों से ब्लैक बोर्ड पर जोड़, घटाना एवं गुणा के सवाल हल करवाकर शैक्षणिक स्तर का जायजा लिया। कलेक्टर ने प्राचार्य को निर्देश दिए कि पढ़ाई में कमजोर विद्यार्थियों के लिए अलग से अतिरिक्त कक्षाएं लगाई जाएं। उन्होंने डीपीसी को कमजोर विद्यार्थियों के अलग समूह बनाकर सरल भाषा में शिक्षण कराने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने एफएलएन शिक्षा पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने स्कूल की रसोई का निरीक्षण करते हुए बच्चों को मीनू के अनुसार ही भोजन बनाने के निर्देश दिए।

टीकाकरण से कोई बच्चा वंचित न रहे, सतत मॉनिटरिंग के निर्देश

निरीक्षण के क्रम में कलेक्टर ने वार्ड क्रमांक-5 स्थित आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण कर टीकाकरण कैंप की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि टीकाकरण से कोई भी बच्चा वंचित न रहे। टीकाकरण से छूटे अथवा टीका लगवाने नहीं आने वाले बच्चों की सूची तैयार कर सतत मॉनिटरिंग की जाए। उन्होंने महिला एवं बाल विकास अधिकारी को सभी केंद्रों पर सूची उपलब्ध रखने के निर्देश दिए। साथ ही मातृ वंदना योजना के तहत मिलने वाली राशि की जानकारी का भी प्रचार-प्रसार करने को कहा।

स्वास्थ्य केंद्र में जांच रिपोर्ट मोबाइल पर भेजने के निर्देश

इसके बाद कलेक्टर ने गढ़ीमलहरा स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने ओपीडी, दवा स्टोर, भर्ती वार्ड एवं हर्बल गार्डन का अवलोकन किया। कलेक्टर ने अस्पताल में प्रसव, पैथोलॉजी जांच, उपलब्ध मशीनरी एवं मरीजों को दी जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि स्वास्थ्य केंद्र में होने वाली जांचों की रिपोर्ट संबंधित मरीज के मोबाइल फोन पर भेजी जाए, ताकि मरीजों को रिपोर्ट के लिए अनावश्यक रूप से अस्पताल के चक्कर न लगाने पड़ें।