प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के सेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत काशी से वडनगर तक निकाली जा रही जल, जन सेवा संकल्प कलश एवं बाइक यात्रा का कुक्षी में आगमन हुआ। इस अवसर पर कुक्षी गार्डन में आयोजित लाभार्थी संवाद कार्यक्रम के दौरान एक बहन ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि उनके पति कैंसर से पीड़ित थे, वहीं उनके बेटे को किडनी संबंधी परेशानी थी।
परिवार के लिए यह समय बेहद कठिन था, लेकिन आयुष्मान कार्ड के माध्यम से दोनों का अस्पताल में उपचार संभव हो सका। अपने अनुभव को साझा करते हुए बहन भावुक हो गईं। उन्होंने कहा कि कठिन समय में आयुष्मान कार्ड उनके परिवार के लिए एक देवदूत की तरह सहारा बनकर आया और उपचार में बड़ी मदद मिली।
उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि गरीब और जरूरतमंद परिवारों के लिए ऐसी योजनाएं बेहद महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदीजी के प्रति धन्यवाद ज्ञापित करते हुए उनके दीर्घायु एवं स्वस्थ जीवन की कामना की। लाभार्थी के इस भावुक अनुभव ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों को भावविभोर कर दिया।
