पंचायत उप निर्वाचन (पूर्वार्द्ध) 2026 के अंतर्गत 29 सितम्बर को होने वाले मतदान में मतदाताओं की अधिकाधिक सहभागिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मध्यप्रदेश राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा निरंतर मतदाता जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसी क्रम में रानापुर हाट बाजार में वृहद मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें लोक संस्कृति के माध्यम से ग्रामीण मतदाताओं को अपने मताधिकार का अनिवार्य रूप से उपयोग करने का संदेश दिया गया।

मध्यप्रदेश राज्य निर्वाचन आयोग के आयुक्त श्री मनोज कुमार श्रीवास्तव एवं सचिव श्री दिनेश श्रीवास्तव के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में राज्य निर्वाचन आयोग की ब्रांड एम्बेसेडर सुश्री सारिका घारू ने पारंपरिक लोकनृत्य एवं लोक संगीत के माध्यम से मतदाताओं को लोकतंत्र में मतदान के महत्व के प्रति जागरूक किया। हाट बाजार के सहज और जीवंत वातावरण में आयोजित इस गतिविधि ने बड़ी संख्या में ग्रामीणों का ध्यान आकर्षित किया।

ब्रांड एम्बेसेडर सुश्री सारिका घारू ने ग्रामीण मतदाताओं से संवाद करते हुए कहा कि प्रत्येक मत लोकतंत्र को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने “वोट हमारा है अनमोल, इसका न लेंगे कोई मोल” का संदेश देते हुए मतदाताओं से 29 सितम्बर को अपने सभी आवश्यक कार्यों के साथ मतदान को प्राथमिकता देने और निर्भीक एवं निष्पक्ष होकर अपने मताधिकार का उपयोग करने का आह्वान किया।

मतदाता जागरूकता कार्यक्रम में रानापुर हाट बाजार में खरीदारी करने तथा अपनी कृषि उपज एवं अन्य सामग्री बेचने आए ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। लोकनृत्य एवं लोक संगीत के माध्यम से मतदाताओं को सरल और प्रभावी तरीके से मतदान के महत्व, प्रत्येक वोट की उपयोगिता तथा लोकतांत्रिक प्रक्रिया में नागरिकों की सहभागिता के संबंध में जागरूक किया गया।

कार्यक्रम के अंत में हाट बाजार परिसर में उपस्थित मतदाताओं को मतदान की शपथ दिलाई गई। मतदाताओं ने लोकतांत्रिक परंपराओं की मर्यादा बनाए रखने तथा 29 सितम्बर को होने वाले उप निर्वाचन में अपने मताधिकार का अनिवार्य रूप से उपयोग करने का संकल्प लिया। साथ ही अपने परिवार एवं आसपास के पात्र मतदाताओं को भी मतदान के लिए प्रेरित करने का संदेश दिया गया।

मतदाता जागरूकता कार्यक्रम का उद्देश्य उप निर्वाचन में अधिकाधिक मतदाताओं की सहभागिता सुनिश्चित करते हुए मतदान प्रतिशत में वृद्धि करना तथा प्रत्येक पात्र मतदाता तक “सब काम छोड़कर, सबसे पहले मतदान” का संदेश पहुंचाना रहा।