वन्यजीवों के रेस्क्यू कार्य को अधिक सुरक्षित, प्रभावी और व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से वन मंडल धार द्वारा मैदानी वन अमले को विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसी क्रम में 23 सितम्बर को ईको सेंटर, धार में वन्यजीव रेस्क्यू से संबंधित प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में वन्यजीव विशेषज्ञ एवं डायरेक्टर, वाइल्ड ट्रेक सर्विसेस, उज्जैन श्री विवेक पगारे ने वनकर्मियों को रेस्क्यू कार्य से जुड़ी व्यावहारिक जानकारी एवं आवश्यक तकनीकों से अवगत कराया।
प्रशिक्षण में वन्यजीव प्रजातियों की पहचान, रेस्क्यू प्रबंधन एवं ऑपरेशन की तैयारी, भीड़ प्रबंधन, रेस्क्यू किए गए वन्यजीवों को संभालने की प्रक्रिया, उपचार के दौरान देखभाल, पुनर्वास, वन्यजीवों की ट्रैकिंग, रेस्क्यू उपकरणों की पहचान एवं संचालन तथा सांपों की पहचान और सुरक्षित हैंडलिंग जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर प्रशिक्षण दिया गया। साथ ही प्राथमिक उपचार एवं पशु प्राथमिक उपचार संबंधी आवश्यक जानकारी भी दी गई।
खास बातें
- प्रशिक्षण का शुभारंभ प्रशिक्षु आईएफएस एवं प्रभारी वन परिक्षेत्र अधिकारी धामनोद श्री पंकज चौधरी द्वारा किया गया।
- इसमें वन परिक्षेत्र धार, मांडव एवं धामनोद के लगभग 60 वनकर्मियों ने प्रशिक्षण प्राप्त किया।
- प्रशिक्षण के माध्यम से वनकर्मियों को रेस्क्यू कार्य के दौरान आवश्यक सावधानियों, तकनीकों और उपकरणों के व्यवहारिक उपयोग की जानकारी प्राप्त हुई।
प्रशिक्षण का शुभारंभ प्रशिक्षु आईएफएस एवं प्रभारी वन परिक्षेत्र अधिकारी धामनोद श्री पंकज चौधरी द्वारा किया गया। इसमें वन परिक्षेत्र धार, मांडव एवं धामनोद के लगभग 60 वनकर्मियों ने प्रशिक्षण प्राप्त किया। वन्यजीव रेस्क्यू के दौरान उत्पन्न होने वाली परिस्थितियों से प्रभावी ढंग से निपटने तथा वन्यजीवों और रेस्क्यू टीम की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यह प्रशिक्षण महत्वपूर्ण है।
प्रशिक्षण के माध्यम से वनकर्मियों को रेस्क्यू कार्य के दौरान आवश्यक सावधानियों, तकनीकों और उपकरणों के व्यवहारिक उपयोग की जानकारी प्राप्त हुई। प्रशिक्षण की आगामी कड़ियों में 24 सितम्बर को वन परिक्षेत्र सरदारपुर, 25 सितम्बर को वन परिक्षेत्र बाग तथा 26 सितम्बर को वन परिक्षेत्र कुक्षी में प्रशिक्षण आयोजित किया जाएगा।
इस प्रशिक्षण से मैदानी अमले की क्षमता में वृद्धि होने के साथ ही वन्यजीव रेस्क्यू कार्य को अधिक व्यवस्थित एवं सुरक्षित तरीके से संचालित करने में मदद मिलेगी।



