प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व के 25 वर्ष सफलतापूर्वक पूर्ण होने के उपलक्ष्य में सेवा, संकल्प और सुशासन के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से गुजरात के वड़नगर से निकली सेवा संकल्प यात्रा का सोमवार की शाम इंदौर जिले के बेटमा पहुंचने पर भव्य स्वागत किया गया। यात्रा में 35 वर्ष से कम आयु के लगभग 35 युवा बाइक पर शामिल हैं।
यात्रा के दौरान युवाओं द्वारा विभिन्न राज्यों में सेवा गतिविधियों के माध्यम से नागरिकों से संवाद किया जा रहा है। यह यात्रा वड़नगर से गाँधी नगर, गोधरा, दाहोद, झाबुआ होते हुए बेटमा पहुंची। वड़नगर से 17 सितंबर को 10 टोलियों में 10 मार्गो पर यात्राएँ निकली।
खास बातें
- सेवा संकल्प यात्रा का आयोजन 17 सितम्बर से 7 अक्टूबर तक किया जा रहा है।
- वड़नगर से एक साथ 10 सेवा संकल्प यात्राएं रवाना हुई हैं।
- यात्रा प्रभारी श्री धूमिल पटेल एवं श्री आकाश कड़वी ने बताया कि यात्रा गुजरात, मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ होते हुए उत्तर प्रदेश के वाराणसी तक पहुंचेगी।
सेवा संकल्प यात्रा का आयोजन 17 सितम्बर से 7 अक्टूबर तक किया जा रहा है। वड़नगर से एक साथ 10 सेवा संकल्प यात्राएं रवाना हुई हैं। यात्रा प्रभारी श्री धूमिल पटेल एवं श्री आकाश कड़वी ने बताया कि यात्रा गुजरात, मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ होते हुए उत्तर प्रदेश के वाराणसी तक पहुंचेगी। यात्रा का उद्देश्य प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के सेवा, संकल्प और सुशासन के संदेश को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाना है।
बेटमा पहुंचने पर यात्रा में शामिल युवाओं का सांसद श्री हेमांग भाई जोशी, श्री श्याम टेलर एवं स्थानीय नागरिकों द्वारा स्वागत किया गया। इसके पश्चात युवाओं ने बेटमा स्थित रेवा कुंड परिसर में पौधारोपण किया तथा श्रमदान में सहभागिता की। युवाओं ने डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
यात्रा के दौरान युवाओं ने बेटमा गुरुद्वारा पहुंचकर दर्शन किए तथा लंगर में प्रसाद ग्रहण किया। इसके साथ ही श्रमोदय विद्यालय में विद्यार्थियों से संवाद कर उनके साथ समय बिताया और शिक्षा, सेवा तथा राष्ट्र निर्माण से जुड़े विषयों पर चर्चा की। यात्रा में शामिल युवाओं द्वारा विभिन्न स्थानों पर सामूहिक रूप से वंदे मातरम् का गायन भी किया जा रहा है।
यात्रा में शामिल श्री करण चौधरी ने बताया कि सेवा संकल्प यात्रा का प्रमुख उद्देश्य प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के सेवा, संकल्प और सुशासन के विचारों को जन-जन तक पहुंचाना है। यात्रा के दौरान नागरिकों को केंद्र शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना, आयुष्मान भारत स्वास्थ्य योजना सहित अन्य योजनाओं की जानकारी दी जा रही है, ताकि पात्र हितग्राही इन योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकें।
उन्होंने बताया कि यात्रा के दौरान गौशालाओं का भ्रमण, विद्यालयों में विद्यार्थियों से संवाद, गांवों में चौपाल के माध्यम से नागरिकों से चर्चा, पौधारोपण एवं श्रमदान जैसी सेवा गतिविधियां भी की जा रही हैं। सामूहिक वंदे मातरम् गायन के माध्यम से युवाओं में राष्ट्रप्रेम और सामाजिक सहभागिता की भावना को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है। यात्रा में शामिल युवा श्री निमिल पटेल, विपिन तलावलिया, लाल भाई, जेमिल देसाई ने बताया कि यात्रा को सभी जगह अच्छा स्वागत सत्कार मिल रहा है।
सेवा संकल्प यात्रा में शामिल युवाओं का बेटमा में नागरिकों द्वारा उत्साहपूर्वक स्वागत किया गया। यात्रा के माध्यम से युवाओं में सेवा भावना, सामाजिक सहभागिता और राष्ट्र निर्माण के प्रति जागरूकता का संदेश दिया जा रहा है।


