इंदौर में आज अटल इंदौर सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेस लिमिटेड ( AICTSL) परिसर में मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा एवं पीएम ई-बस सेवा योजना के अंतर्गत मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा वंदन कार्यक्रम गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जल संसाधन मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट, सांसद श्री शंकर लालवानी, विधायक श्री मधु वर्मा, विधायक श्री महेंद्र हार्डिया, विधायक श्रीमती मालिनी गौड़, एमआईसी सदस्य श्री नंदकिशोर पहाड़िया तथा कलेक्टर श्री शिवम वर्मा ने बस को फ्लैग ऑफ किया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों एवं यात्रियों ने बस में सफर भी किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट ने कहा कि शहरी एवं इंटरसिटी मार्गों पर यात्रियों को सुगम, सुरक्षित एवं दीर्घकालीन सार्वजनिक परिवहन सेवा उपलब्ध कराने की दिशा में यह महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने सभी को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि करीब दो दशक बाद सार्वजनिक परिवहन सेवा के इस स्वरूप में पुनः शुरुआत होना महत्वपूर्ण कदम है।

खास बातें

  • सांसद श्री शंकर लालवानी ने भी इस अवसर पर नागरिकों को बधाई दी।
  • बसों में महिला सुरक्षा के लिए पैनिक बटन, सीसीटीवी कैमरों से निगरानी तथा लाइव ट्रैकिंग सिस्टम के माध्यम से मॉनिटरिंग की सुविधा रहेगी।
  • पीएम ई-बस सेवा के माध्यम से वर्तमान में 70 ई-बसों का संचालन किया जा रहा है, जिसे भविष्य में बढ़ाकर 150 बसों तक किया जाएगा।

सांसद श्री शंकर लालवानी ने भी इस अवसर पर नागरिकों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि संगठित रूप से संचालित होने वाली इन बसों में यात्रियों की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं के साथ आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी, जिससे आमजन का आवागमन और अधिक सुविधाजनक होगा।

मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा एवं पीएम ई-बस सेवा के अंतर्गत यात्रियों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। बसों में महिला सुरक्षा के लिए पैनिक बटन, सीसीटीवी कैमरों से निगरानी तथा लाइव ट्रैकिंग सिस्टम के माध्यम से मॉनिटरिंग की सुविधा रहेगी। इसके साथ ही इलेक्ट्रिक एसी बसों, डिजिटल एवं यूपीआई टिकटिंग पेमेंट सिस्टम तथा रियायती पास, दिव्यांग पास एवं विद्यार्थी पास जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध होंगी।

मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा के अंतर्गत AICTSL के माध्यम से इंदौर से विभिन्न शहरी एवं इंटरसिटी मार्गों पर बसों का संचालन किया जा रहा है। इनमें धार, अशोकनगर, झाबुआ, रतलाम, रीवा, पन्ना, छतरपुर, सतना, जबलपुर, चंदेरी, उज्जैन, खंडवा, बुरहानपुर, भोपाल, मंदसौर-नीमच, ओंकारेश्वर सहित अहमदाबाद, जयपुर, उदयपुर, मुलताई एवं नागपुर जैसे प्रमुख मार्ग शामिल हैं।

पीएम ई-बस सेवा के माध्यम से वर्तमान में 70 ई-बसों का संचालन किया जा रहा है, जिसे भविष्य में बढ़ाकर 150 बसों तक किया जाएगा। पीएम ई-बस सेवा के माध्यम से सार्वजनिक परिवहन के आधुनिक मॉडल को विस्तार दिया जा रहा है। इन बसों से प्रमुख शहरों के साथ महत्वपूर्ण तीर्थस्थलों एवं महानगरों तक आवागमन को सुगम बनाने में मदद मिलेगी। यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बस स्टैंड, बस स्टॉप एवं चार्जिंग स्टेशनों के साथ सुव्यवस्थित नियंत्रण एवं निगरानी प्रणाली भी विकसित की गई है।

कार्यक्रम के दौरान नागरिकों को सुविधाजनक, सुगम एवं बेहतर सार्वजनिक परिवहन सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी गई। साथ ही इंदौर की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को अधिक प्रभावी, सुरक्षित एवं नागरिक-केंद्रित बनाने के संकल्प को दोहराया गया।

कार्यक्रम के प्रारंभ में सभी अतिथियों का स्वागत AICTSL के कार्यकारी निदेशक श्री अर्थ जैन द्वारा किया गया। इस अवसर पर परिवहन व्यवस्था से जुड़े बस संचालक, अधिकारी एवं अन्य संबंधित उपस्थित थे।