मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सेवा संकल्प अभियान की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को अभियान की गतिविधियों को उच्च प्राथमिकता के साथ संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभियान के तहत अब तक सभी जिलों में अच्छा कार्य हुआ है। आगामी कार्यक्रमों में भी सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करते हुए पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाना सुनिश्चित करें।
मुख्यमंत्री ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के तहत 3 अक्टूबर को ग्रामीण क्षेत्रों तथा 4 अक्टूबर को शहरी क्षेत्रों में सेवा सेतु शिविर आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविरों के लिए हितग्राहियों का चयन पहले से कर लिया जाए और उन्हें विभिन्न शासकीय योजनाओं से लाभान्वित किया जाए। शिविरों में प्राप्त आवेदनों का समय-सीमा में निराकरण कर उसकी जानकारी पोर्टल पर दर्ज कराने के निर्देश भी दिए गए।
उन्होंने कहा कि 7 अक्टूबर को प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र से सेवा ज्योति यात्रा निकाली जाएगी, जिसका समापन जिला मुख्यालय पर होगा। समापन स्थल पर सभा आयोजित करने तथा सेवा ज्योति को जिला मुख्यालय के किसी प्रमुख स्थान पर स्थापित करने की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। सेवा ज्योति यात्रा में हितग्राहियों की भागीदारी सुनिश्चित करने को भी कहा गया। जिला स्तरीय कार्यक्रम को प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी वर्चुअली संबोधित करेंगे। इस अवसर पर विकसित भारत की शपथ भी दिलाई जाएगी।
मुख्यमंत्री ने सेवा संकल्प अभियान की गतिविधियों के फोटो, वीडियो एवं रील्स गुणवत्तापूर्ण तैयार कर पोर्टल पर अपलोड कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभियान के अंतर्गत तैयार की जाने वाली ‘सेवा की कहानियों’ में भी गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए।
नशे के विरुद्ध कार्रवाई के साथ जागरूकता पर जोर
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने नशे के विरुद्ध प्रत्येक जिले में प्रभावी अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नशे के अवैध कारोबार में लिप्त लोगों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई के साथ नशामुक्त भारत अभियान के तहत व्यापक जनजागरूकता गतिविधियां भी संचालित की जाएं। नशे की गिरफ्त में आए युवाओं को नशामुक्ति केंद्रों के माध्यम से पुनर्वास उपलब्ध कराने के प्रयास किए जाएं।
उन्होंने जिला स्तरीय एनकॉर्ड समिति की बैठक प्रत्येक माह अनिवार्य रूप से आयोजित कर कार्यवाही विवरण पोर्टल पर अपलोड कराने के निर्देश दिए। नशे के आदतन कारोबार में लिप्त अपराधियों की संपत्ति जब्ती की कार्रवाई करने तथा बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन सहित अन्य सार्वजनिक स्थानों पर निगरानी बढ़ाने के निर्देश भी दिए।
मुख्यमंत्री सुगम बस सेवा की तैयारियों की समीक्षा
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में मुख्यमंत्री सुगम बस सेवा के संबंध में की जा रही तैयारियों की जानकारी भी दी गई। मुख्यमंत्री ने सभी जिलों में बस डिपो एवं बस टर्मिनल की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि सुगम बस सेवा बस ऑपरेटर्स के सहयोग से संचालित की जाएगी। बसों में आधुनिक उपकरणों के माध्यम से निगरानी की जाएगी तथा ऐप के माध्यम से आम नागरिकों को बसों से संबंधित जानकारी उपलब्ध होगी।
उन्होंने बताया कि कलेक्टर की अध्यक्षता में जिला परिवहन सलाहकार समिति का गठन किया गया है। समिति की नियमित बैठक आयोजित कर स्थानीय बस ऑपरेटर्स एवं यात्रियों का सहयोग प्राप्त करने के निर्देश दिए गए। सुगम बस सेवा से संबंधित पोर्टल भी तैयार किया जा रहा है, जिसके माध्यम से बस संचालन से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों की निगरानी एवं जानकारी उपलब्ध होगी।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल, अन्य मंत्रीगण, मुख्य सचिव अशोक वर्णवाल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
सीधी कलेक्ट्रेट के एनआईसी केंद्र से कलेक्टर विकास मिश्रा, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सौम्या आनंद, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी सहित अन्य अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में शामिल हुए।