चांचौड़ा विकासखंड की ग्राम पंचायत तेलीगांव में शनिवार को मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान एवं ‘’ सेवा-सेतु अभियान — सरकार आपके द्वार ’’ अभियान के अंतर्गत आयोजित शिविर में दिव्यांग श्री प्रकाश अहिरवार ने रोजगार शुरू करने के लिए आर्थिक सहायता की आवश्यकता बताई। कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल ने उनकी समस्या को गंभीरता से लेते हुए रेडक्रॉस के माध्यम से तत्काल 10 हजार रुपये की सहायता उपलब्ध कराई। शिविर में ग्रामीणों की विभिन्न समस्याएं सुनी गईं तथा पात्र प्रकरणों का मौके पर निराकरण करते हुए शेष प्रकरणों के समयबद्ध निराकरण के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।

ग्रामीणों को मौके पर मिली विभिन्न शासकीय सेवाएं

शिविर में चांचौड़ा क्षेत्र की विभिन्न ग्राम पंचायतों से आए ग्रामीणों को नामांतरण, बटांकन, बंटवारा, रजिस्ट्री, पीएम किसान, जाति प्रमाण-पत्र, मूल निवासी प्रमाण-पत्र, पात्रता पर्ची, आधार कार्ड एवं आयुष्मान कार्ड सहित विभिन्न शासकीय सेवाओं से संबंधित सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। ग्रामीणों के आवेदनों का पंजीयन कर संबंधित विभागों को उपलब्ध कराया गया तथा पात्र प्रकरणों का मौके पर ही निराकरण किया गया।

खास बातें

  • शिविर में कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल ने कहा कि उन्नत किसान अब खेती के पैटर्न में बदलाव कर रहे हैं।
  • किसान परंपरागत खेती से आगे बढ़कर हॉर्टिकल्चर एवं आधुनिक तकनीकों को अपना रहे हैं और बेहतर आय अर्जित कर रहे हैं।
  • सामूहिक प्रयासों से वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने की दिशा में आगे बढ़ना है।

हितग्राहियों को वितरित किए हितलाभ

शिविर में कलेक्टर श्री कन्याल एवं चांचौड़ा विधायक श्रीमती प्रियंका पेची ने विभिन्न विभागों के हितग्राहियों को योजनाओं के तहत हितलाभ वितरित किए। राजस्व विभाग द्वारा फौती नामांतरण से संबंधित हितग्राहियों को लाभ दिया गया। स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयुष्मान कार्ड वितरित किए गए, वहीं जाति प्रमाण-पत्र एवं आवास योजना सहित अन्य योजनाओं के हितलाभ भी पात्र हितग्राहियों को प्रदान किए गए।

आधुनिक खेती अपनाकर किसान बन रहे मॉडल

शिविर में कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल ने कहा कि उन्नत किसान अब खेती के पैटर्न में बदलाव कर रहे हैं। किसान परंपरागत खेती से आगे बढ़कर हॉर्टिकल्चर एवं आधुनिक तकनीकों को अपना रहे हैं और बेहतर आय अर्जित कर रहे हैं। ऐसे किसान अन्य किसानों के लिए भी मॉडल बन रहे हैं। उन्होंने किसानों से आधुनिक तकनीक एवं लाभकारी फसलों को अपनाने की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया।

युवाओं, महिलाओं और किसानों को सशक्त बनाने पर जोर

विधायक श्रीमती प्रियंका पेची ने कहा कि सरकार ग्रामीणों की समस्याओं के निराकरण के लिए उनके बीच पहुंच रही है। युवाओं, महिलाओं और किसानों को सशक्त बनाकर उन्हें आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। सामूहिक प्रयासों से वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने की दिशा में आगे बढ़ना है।

स्वरोजगार से जुड़े हितग्राहियों से हुआ उद्यम संवाद

शिविर के दौरान उद्यमियों, नए स्टार्टअप एवं स्वरोजगार से जुड़े हितग्राहियों के साथ उद्यम संवाद भी आयोजित किया गया। किसान, वेल्डर, पेंटर सहित विभिन्न स्वरोजगार गतिविधियों से जुड़े लोगों ने संवाद में सहभागिता की। अधिकारियों ने उनकी गतिविधियों, सामने आ रही समस्याओं एवं व्यवसाय विस्तार की आवश्यकताओं की जानकारी ली तथा संबंधित विभागों को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

‘ नशा छोड़ो, जीवन जोड़ो ’ का दिया संदेश

मद्य निषेध सप्ताह के अंतर्गत ‘ नशा छोड़ो, जीवन जोड़ो ’ थीम पर जागरूकता रथ को कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल एवं विधायक श्रीमती प्रियंका पेची ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर ग्रामीणों को सामूहिक रूप से नशा छोड़ने की शपथ दिलाई गई। जागरूकता रथ के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में नशे के दुष्प्रभावों के प्रति लोगों को जागरूक किया जाएगा।

इस दौरान एसडीएम चांचौड़ा श्री अमित सोनी सहित अन्य संबंधित अधिकारीगण आम नागरिक उपस्थित थे।