सिर पर पक्की छत हो और परिवार सुरक्षित घर में रहे—यह सपना ग्राम डूंगराधन्ना के श्री सुनिल निनामा के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण से साकार हुआ है। कभी कच्ची दीवारों और कवेलू की छत वाले मकान में जहरीले जीव-जंतुओं के भय के बीच रहने वाला उनका परिवार आज पक्के आवास में सुरक्षित और सुविधाजनक जीवन जी रहा है। सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत सामने आई बदलाव की यह कहानी बताती है कि पक्के आवास ने श्री सुनिल के परिवार को केवल छत ही नहीं, बल्कि सुरक्षा, सुविधा और बच्चों की बेहतर शिक्षा के लिए अनुकूल वातावरण भी प्रदान किया है।
जनपद पंचायत झाबुआ की ग्राम पंचायत मोहनपुरा के ग्राम डूंगराधन्ना निवासी श्री सुनिल निनामा पिता श्री वीरसिंह निनामा खेती-मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। सीमित आय के कारण स्वयं का पक्का मकान बनाना उनके लिए आसान नहीं था। परिवार वर्षों से कच्चे मकान में रह रहा था। प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के अंतर्गत वर्ष 2024-25 में श्री सुनिल निनामा का आवास स्वीकृत हुआ और योजना की सहायता से उनका पक्का घर बनकर तैयार हुआ।
कच्चे मकान की परेशानियों से मिली मुक्ति
श्री सुनिल बताते हैं कि कच्चे मकान में रहने के दौरान बारिश का मौसम परिवार के लिए सबसे अधिक परेशानी लेकर आता था। कवेलू की छत और कच्ची दीवारों के कारण बारिश का पानी घर के अंदर आ जाता था। आंधी-तूफान के समय मकान को लेकर चिंता बनी रहती थी। इसके साथ ही कच्चे मकान में जहरीले जीव-जंतुओं के निकलने का भय भी रहता था। अब पक्का मकान बनने से इन परेशानियों से काफी हद तक राहत मिली है और परिवार स्वयं को अधिक सुरक्षित महसूस करता है।
बच्चों की पढ़ाई के लिए मिला बेहतर वातावरण
कच्चे मकान की परेशानियों का असर बच्चों की पढ़ाई पर भी पड़ता था। विशेषकर बारिश के मौसम में घर में पानी आने के कारण बच्चों को पढ़ने में कठिनाई होती थी। पक्का आवास मिलने के बाद बच्चों को पढ़ाई के लिए सुरक्षित एवं सुविधाजनक वातावरण मिला है। अब मौसम की परेशानियों के बीच उनकी पढ़ाई बाधित होने की चिंता भी दूर हुई है।
घर के साथ मिलीं अन्य मूलभूत सुविधाएं
प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के माध्यम से पक्का आवास मिलने के साथ श्री सुनिल निनामा के परिवार को शासन की विभिन्न योजनाओं के अभिसरण से शौचालय एवं गैस कनेक्शन जैसी सुविधाओं का लाभ भी मिला है। इन सुविधाओं ने परिवार के दैनिक जीवन को अधिक सुविधाजनक बनाया है।
सामाजिक जीवन में भी आया सकारात्मक बदलाव
श्री सुनिल बताते हैं कि पहले कच्चा आवास होने के कारण रिश्तेदारों एवं परिचितों के आने पर कई प्रकार की असुविधाएं होती थीं। अब पक्का मकान बनने के बाद परिवार के रहन-सहन में बदलाव आया है। सुरक्षित एवं व्यवस्थित आवास मिलने से परिवार के सामाजिक जीवन में भी सकारात्मक परिवर्तन आया है।
प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण से मिला पक्का आवास श्री सुनिल निनामा और उनके परिवार के लिए केवल एक मकान नहीं, बल्कि वर्षों की चिंता से राहत और बेहतर भविष्य की मजबूत बुनियाद बना है। आज उनका परिवार अपने पक्के घर में सुरक्षा और सुकून के साथ जीवनयापन कर रहा है। सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत श्री सुनिल निनामा की यह कहानी शासन की जनकल्याणकारी योजना से परिवार के जीवन में आए सकारात्मक बदलाव को दर्शाती है।