खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 अंतर्गत धान, ज्वार एवं बाजरा उपज विक्रय के लिए आगामी 10 अक्टूबर तक किसान पंजीयन किए जा रहे हैं। पन्ना जिले में सहकारी समितियों के कुल 39 पंजीयन केन्द्र बनाए गए हैं। इनमें अमानगंज के 9, अजयगढ़, गुनौर एवं रैपुरा के पांच-पांच, देवेन्द्रनगर एवं पन्ना के चार-चार, पवई के 3 तथा सिमरिया एवं शाहनगर के दो-दो पंजीयन केन्द्र शामिल हैं। अभी तक मात्र 193 किसानों द्वारा ही पंजीयन करवाया गया है।
किसान स्वयं अपने मोबाइल से किसान एप के जरिए अथवा सहकारी समितियों के पंजीयन केन्द्रों के माध्यम से पंजीयन करा सकेंगे। अधिकतम 50 रूपए देकर एमपी ऑनलाइन, कॉमन सर्विस सेंटर कियोस्क, लोक सेवा केंद्र अथवा निजी व्यक्तियों द्वारा संचालित साइबर कैफे के माध्यम से भी सशुल्क पंजीयन कराया जा सकता है। शासन द्वारा जारी निर्देशानुसार बगैर एग्रीस्टेक आईडी के किसान पंजीयन नहीं होंगे। आईडी में जुड़े खसरों का पंजीयन कराया जा सकेगा।
सिकमी व बटाईदार कृषक का अनुबंध के तहत ही पंजीयन होगा। क्रय उपज का भुगतान किसान के आधार लिंक बैंक खाते में किया जाएगा। जनधन, अक्रियाशील, संयुक्त बैंक खाते सहित फिनो, एयरटेल व पेटीएम बैंक खाते पंजीयन में मान्य नहीं होंगे। सभी कृषकों से अपील की गई है कि उपज विक्रय व पंजीयन के पूर्व एग्रीस्टेक आईडी जरूर बनवा लें।
संबंधित पटवारी से अपने सभी खसरे इस आईडी में जुड़वाएं तथा अपना बैंक खाता भी आधार से लिंक करवा लें, जिससे पंजीयन एवं भुगतान में कोई असुविधा उत्पन्न न हो।
