महिला एवं बाल विकास परियोजना अजयगढ़ एवं गुनौर के सभी आंगनवाड़ी केन्द्रों में आंगन मिलन सेवा अभियान की प्रथम दिवस की गतिविधियां आयोजित की गई। इस अवसर पर उल्लासमय माहौल में बाल स्वास्थ्य एवं विविध आनंदमयी गतिविधियों का आयोजन हुआ। यह अभियान 26 सितम्बर से 5 अक्टूबर तक जिले में चरणबद्ध रूप से संचालित किया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य प्रत्येक आंगनवाड़ी केन्द्र को पोषण, शिक्षा एवं सम्मान का केन्द्र बनाना है।
आज आयोजित कार्यक्रम में आंगनवाड़ी केन्द्रों पर उपस्थित बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा उनकी ऊंचाई एवं वजन का मापन कर पोषण स्तर का आंकलन किया गया। साथ ही बच्चों के लिए खेलकूद, कहानी वाचन, गीत-संगीत एवं अन्य आनंदमयी गतिविधियां आयोजित की गईं, जिससे बच्चों में सीखने के प्रति रुचि एवं उत्साह का संचार हुआ। आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा उपस्थित अभिभावकों को संतुलित आहार, स्वच्छता एवं बाल स्वास्थ्य से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी भी दी गई।
कार्यक्रम में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं, पर्यवेक्षकों एवं स्थानीय समुदाय की सक्रिय सहभागिता रही। केन्द्रों पर आयोजित इन गतिविधियों से बच्चों एवं उनके परिवारजनों में उत्साह का माहौल देखने को मिला तथा आंगनवाड़ी केन्द्रों के प्रति समुदाय का जुड़ाव और अधिक सुदृढ़ हुआ।

