कलेक्टर श्री लोकेश कुमार जांगिड़ ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा बैठक में विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने लैंड एक्विजिशन, अलॉटमेंट एवं आइडेंटिफिकेशन से संबंधित कार्यों की समीक्षा के साथ शहर, ग्राम पंचायतों एवं शासकीय स्कूल भवनों में साफ-सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित होने वाले सेवा सेतु शिविरों की तैयारियों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने बताया कि ‘सरकार आपके द्वार’ की अवधारणा के तहत 3 अक्टूबर को प्रत्येक विकासखंड स्तर पर तथा 4 अक्टूबर को नगरीय क्षेत्रों में शिविर आयोजित किए जाएंगे। नगर निगम में जोनवार तथा नगर पालिका एवं नगर परिषद क्षेत्रों में एक स्थान पर शिविर लगाए जाएंगे। शिविरों के नोडल अधिकारी संबंधित अनुविभागीय अधिकारी राजस्व रहेंगे।

उन्होंने निर्देश दिए कि शिविरों के लिए सुगम पहुंच वाले तथा घनी आबादी के आसपास के स्थानों का चयन किया जाए। सभी संबंधित विभाग आवश्यक स्टॉल एवं व्यवस्थाएं सुनिश्चित करते हुए आपसी समन्वय से कार्य करें। प्रत्येक स्टॉल पर दक्ष कंप्यूटर ऑपरेटर की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि आवेदन, पंजीयन एवं अन्य आवश्यक कार्य मौके पर ही किए जा सकें।

पात्र हितग्राहियों का डाटा तैयार कर शिविर में दें योजनाओं का लाभ

कलेक्टर ने पूर्व से योजनाओं का लाभ प्राप्त कर रहे हितग्राहियों का ग्राम पंचायतवार डाटा संधारित करने तथा स्वीकृत आवास एवं अन्य स्वीकृत प्रकरणों की सूची तैयार करने के निर्देश दिए। योजनाओं के प्राप्त आवेदनों को भी सूचीबद्ध कर पात्र हितग्राहियों को शिविर के माध्यम से लाभ उपलब्ध कराने को कहा।

उन्होंने पीएम किसान, फार्मर आईडी सहित विभिन्न योजनाओं के स्टॉल लगाने तथा ‘गांव की बेटी’ योजना सहित जनकल्याणकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिविरों में अधिकतम सेवाएं उपलब्ध हों और अंतरविभागीय समन्वय के माध्यम से पात्र प्रकरणों में यथासंभव मौके पर ही निराकरण किया जाए।

आभा आईडी निर्माण में तेजी लाने के निर्देश

आयुष्मान भारत योजना की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने मृत व्यक्तियों से संबंधित जानकारी के अद्यतन एवं आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने आभा आईडी निर्माण का कार्य मिशन मोड में संचालित करते हुए अक्टूबर माह में निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप सेचुरेशन सुनिश्चित करने को कहा।

उन्होंने एनसीडी जांच एवं स्वास्थ्य शिविरों में आने वाले नागरिकों की एक ही विजिट में आवश्यक आईडी एवं केवाईसी से संबंधित कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए।

किसानों एवं जरूरतमंद नागरिकों की समस्याओं का करें त्वरित निराकरण

कलेक्टर ने सेवा सेतु शिविरों के माध्यम से किसानों एवं नागरिकों की समस्याओं का प्राथमिकता से निराकरण करने तथा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

उन्होंने उर्वरक स्टॉक की समीक्षा कर उपलब्धता एवं वितरण व्यवस्था पर सतत निगरानी रखने को कहा।

उन्होंने 2 अक्टूबर के नल-जल योजना हस्तांतरण कार्यक्रम की आवश्यक तैयारियां समय पर पूर्ण करने, स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के अंतर्गत गोवर्धन योजना के प्रस्ताव शीघ्र भेजने तथा अनुकंपा नियुक्ति के पात्र प्रकरणों में नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए।

बैठक में सीएम हेल्पलाइन सहित विभिन्न विभागीय प्रकरणों की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने लंबित शिकायतों एवं प्रकरणों में त्वरित प्रगति लाते हुए निर्धारित समय-सीमा में प्रभावी निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।