कलेक्टर श्री लोकेश कुमार जांगिड़ ने बताया कि अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर 1 अक्टूबर 2026 को जिले में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस अवसर पर वृद्धाश्रम मुरैना में दोपहर 12 बजे आयोजित कार्यक्रम में वरिष्ठजनों का सम्मान किया जाएगा। साथ ही 100 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके वरिष्ठजनों को शतायु सम्मान प्रदान किया जाएगा।

राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत जिला चिकित्सालय मुरैना में वरिष्ठजनों के लिए स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित किया जाएगा। स्वास्थ्य परीक्षण के दौरान आवश्यकता के अनुसार वरिष्ठजनों को चिकित्सकीय परामर्श एवं उपचार की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। इसके अतिरिक्त जिले के नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में वरिष्ठजनों के सम्मान, स्वास्थ्य परीक्षण तथा उनके कल्याण से संबंधित विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस की थीम “गरिमा के साथ वृद्धावस्था—वरिष्ठ नागरिकों के लिए देखभाल और समर्थन प्रणालियों को मजबूत करना” निर्धारित की गई है। इस अवसर पर वरिष्ठजनों के सम्मान, स्वास्थ्य एवं गरिमापूर्ण जीवन के प्रति समाज में जागरूकता एवं संवेदनशीलता बढ़ाने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।