उज्जैन, 28 सितंबर। जनपद पंचायत उज्जैन की ग्राम पंचायत बकानिया निवासी भाग्य बाई पति दोला जी का पक्के मकान का सपना प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के माध्यम से साकार हुआ है। मजदूरी कर जीवनयापन करने वाला उनका परिवार पहले कच्चे मकान में रहता था। मकान की छत खपरैल, पॉलीथीन और लकड़ियों के सहारे थी, जिससे बारिश और ठंड के मौसम में परिवार को काफी परेशानी होती थी।
प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत भाग्य बाई को पक्का मकान बनाने के लिए 1 लाख 20 हजार रुपये की वित्तीय सहायता तथा मनरेगा के तहत 90 दिवस की मजदूरी स्वीकृत हुई। योजना का लाभ मिलने के बाद उनका पक्का मकान बनकर तैयार हो गया है। अब भाग्य बाई और उनका परिवार सुरक्षित एवं पक्के मकान में रह रहा है।
योजना से परिवार को न केवल पक्की छत मिली, बल्कि सुरक्षा और सम्मान के साथ जीवन जीने का अवसर भी मिला है। योजना प्रारंभ करने के लिए वें प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी को धन्यवाद देती है।