पंचायत उप-निर्वाचन (पूर्वार्द्ध) 2026 के अंतर्गत जिला पंचायत वार्ड क्रमांक 06, जनपद पंचायत राणापुर एवं ग्राम पंचायत पलासडोर, जनपद पंचायत थांदला के सरपंच पद के लिए 29 सितम्बर को होने वाले मतदान को लेकर सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। मतदान प्रक्रिया के सुचारू संचालन के लिए मतदान दलों को निर्वाचन सामग्री का वितरण सांदीपनि विद्यालय राणापुर से किया गया।
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. योगेश तुकाराम भरसट एवं पुलिस अधीक्षक श्री देवेंद्र पाटीदार की उपस्थिति में कुल 102 मतदान दलों तथा 11 रिजर्व मतदान दलों को आवश्यक निर्वाचन सामग्री का सुव्यवस्थित रूप से वितरण किया गया। सामग्री प्राप्त करने के उपरांत मतदान दल निर्धारित मतदान केंद्रों के लिए रवाना हुए।
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. भरसट ने मतदान दलों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन करते हुए स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मतदान प्रक्रिया से जुड़े सभी अधिकारी-कर्मचारी अपने दायित्वों का गंभीरता एवं सतर्कता के साथ निर्वहन करें तथा मतदान केंद्रों पर मतदाताओं के लिए आवश्यक मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित रहें।
पुलिस अधीक्षक श्री पाटीदार ने मतदान के दौरान कानून एवं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने तथा मतदान केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सामग्री वितरण स्थल पर मतदान दलों को मतदान सामग्री उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक काउंटर एवं अन्य व्यवस्थाएं की गईं, जिससे सामग्री वितरण की संपूर्ण प्रक्रिया व्यवस्थित एवं सुचारू रूप से संपन्न हुई।