उज्जैन, 30 सितंबर। विश्व संवाद केंद्र, मालवा एवं भारतीय चित्र साधना के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होने वाले “उज्जैनी शॉर्ट फिल्म फेस्टिवल 2026” के आधिकारिक पोस्टर का विमोचन सोमवार को विक्रम विश्वविद्यालय में किया गया। विक्रम विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. अर्पण भारद्वाज एवं कुलसचिव डॉ. अनिल शर्मा की उपस्थिति में फेस्टिवल के पोस्टर का विमोचन हुआ।

इस वर्ष फेस्टिवल की थीम “भीड़ में अनेक न्यूटन” रखी गई है। इसके माध्यम से “Shaping a New Bharat through Civic Duties” की अवधारणा के तहत नागरिक कर्तव्यों, सामाजिक जिम्मेदारी और सकारात्मक बदलाव की कहानियों को फिल्म के माध्यम से सामने लाने का प्रयास किया जाएगा। फेस्टिवल में जिम्मेदार नागरिकता, सार्वजनिक जिम्मेदारी, यातायात अनुशासन, स्वच्छता, सामाजिक सहयोग, संवैधानिक मूल्यों, सामुदायिक पहल तथा स्थानीय समस्याओं के समाधान में आम नागरिकों की भूमिका जैसे विषयों पर केंद्रित फिल्मों को मंच प्रदान किया जाएगा।

खास बातें

  • उज्जैनी शॉर्ट फिल्म फेस्टिवल 2026 का आयोजन 24 एवं 25 अक्टूबर 2026 को उज्जैन में किया जाएगा।
  • फेस्टिवल में शॉर्ट फिल्में, एआई फिल्में, विज्ञापन फिल्में एवं माइक्रो ड्रामा श्रेणियों में प्रविष्टियां आमंत्रित की गई हैं।
  • ऐसे आयोजन युवाओं को नागरिक कर्तव्यों, सामाजिक सहयोग और संवैधानिक मूल्यों के प्रति जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

उज्जैनी शॉर्ट फिल्म फेस्टिवल 2026 का आयोजन 24 एवं 25 अक्टूबर 2026 को उज्जैन में किया जाएगा। फेस्टिवल में शॉर्ट फिल्में, एआई फिल्में, विज्ञापन फिल्में एवं माइक्रो ड्रामा श्रेणियों में प्रविष्टियां आमंत्रित की गई हैं। इसके साथ ही युवाओं एवं फिल्म निर्माण से जुड़े प्रतिभागियों के लिए फिल्म विशेषज्ञों द्वारा मास्टर क्लास का आयोजन भी किया जाएगा।

इस अवसर पर कुलगुरु प्रो. अर्पण भारद्वाज ने कहा कि सिनेमा समाज का दर्पण होने के साथ सामाजिक सरोकारों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने का सशक्त माध्यम है। ऐसे आयोजन युवाओं को नागरिक कर्तव्यों, सामाजिक सहयोग और संवैधानिक मूल्यों के प्रति जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कुलसचिव डॉ. अनिल शर्मा ने कहा कि युवा फिल्म निर्माता अपनी रचनात्मकता के माध्यम से समाज की सकारात्मक कहानियों को सामने लाएं और नागरिक जिम्मेदारियों से जुड़े विषयों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करें।

कार्यक्रम में विभाग प्रचार प्रमुख श्री सोहन कुमार उदेनिया, सतत् शिक्षा अध्ययनशाला निदेशक डॉ. सुशील कुमार शर्मा, सोशल मीडिया प्रमुख श्री गोविन्द शर्मा सहित प्रचार विभाग की टोली, वरिष्ठ प्राध्यापक उपस्थित रहे।